जयपुर (विसंकें), 14 अप्रैल 2019। एक ही नारा एक ही नाम जय श्री राम जय श्री राम, घर घर भगवा छाएगा राम राज फिर आएगा जैसे नारों तथा वन्दे मातरम् के उद्घोष से गुंजायमान सरदारशहर की धरा पर भगवा साफा पहने युवा शक्ति जब सड़कों पर उतरी तो चारों तरफ आस्था का सैलाब उमड़ आया। डीजे और बैण्ड बाजों की धुन पर नाचते गाते युवक युवतियां राम भक्ति में सराबोर दिखे। यह दृश्य सरदारशहर में निकली राम नवमी शोभायात्रा में चहुंओर दिखा। आस्था और उत्साह इतना कि निकटवर्ती गाँवों मेहरासर, जीवणदेसर, राणासर आदि से युवा प्रातः 7.30 बजे ही गाँवों से पैदलयात्री के रूप में धर्मध्वजा हाथ में लिए रवाना हो गये। शहर में सुबह से ही हर गली चैराहों पर भगवा साफा पहने राम भक्त नजर आने लगे। श्रीराम जन्मोत्सव आयोजन समिति द्वारा आयोजित राम नवमी शोभायात्रा सुबह सवा ग्यारह बजे कच्चा बस स्टेण्ड के पास स्थित गांधी विद्या मंदिर के मैदान से प्रारंभ होकर शहर के मुख्य बाजार घण्टाघर होते हुए ताल मैदान पहुंची।
शोभायात्रा में संत श्री दयानाथ, साध्वी मायानन्द सरस्वती, महंत देवनाथ, पशुपति नाथ आदि संतो का आशीर्वाद व सान्निध्य मिला। संत समाज के लोगों ने सजी-धजी खुली जीपों में सवार होकर शोभायात्रा की अगुवाई की।
शोभायात्रा में शहर के विभिन्न शैक्षणिक व सामाजिक संस्थाओं द्वारा श्रीराम की जीवन लीलाओं पर आधारित झांकियां बनाई गईं। राम जन्मोत्सव, राम जानकी विवाह, केवट प्रसंग, सबरी का स्नेह, राम भरत मिलन, वानर सेना, राम रावण युद्ध तथा राम दरबार की जीवंत झांकियों ने सभी का मन मोह लिया। आदर्श विद्या मंदिर, गांधी विद्या मंदिर, आॅक्सफोर्ड स्कूल, आदर्श विद्यापीठ व पारीक मण्डल द्वारा इन झाँकियों का निर्माण किया गया।
मराठी वेशभूषा में सजी धजी युवतियों के समूह ने यात्रा को देखने वाले जनसमूह की खूब वाहवाही लूटी। स्केटिंग करते बच्चे और ध्वज लहराती बुलेट सवार युवा वाहिनी भी आकर्षण का केन्द्र रही।
शोभा यात्रा का मार्ग में जगह जगह कच्चा बस स्टेण्ड, मुक्ति भवन, अर्जुन क्लब, राजवाला कुआं, गांधी चैक, घण्टाघर, मुणती कुई, मोचीवाड़ा, गणेश मंदिर, बिजली घर, शोभाचन्द जम्मड़ भवन सहित अनेक स्थानों पर विभिन्न प्रतिष्ठानों व सामाजिक संस्थाओं द्वारा पुष्प वर्षा व श्रीराम के जयकारों से दिल खोल कर यात्रा का स्वागत किया। अनेक संस्थानों द्वारा जगह जगह पर शीतल पेयजल और शर्बत की व्यवस्था की गई।
श्रीराम नवमी पर गत दो वर्षों से सरदारशहर में श्रीराम जन्मोत्सव पर आयोजन समिति द्वारा शोभायात्रा का आयोजन किया जा रहा है। शुभ्र वेश व केसरिया साफा पहने पुरूष व मातृ शक्ति तय वेशभूषा में सम्मिलित होते हैं। जिससे यात्रा में आस्था व अनुशासन का अद्भुत संगम देखने को मिलता है। इतने बड़े स्तर पर हजारों की संख्या में लोगों का एक निर्धारित वेशभूषा में शामिल होना अपने आप में अनूठा उदाहरण है।
शोभायात्रा के समारोप स्थल ताल मैदान में विशाल पाण्डाल में 101 दीपकों की महाआरती का आयोजन हुआ। जिसमें सन्त समाज के साथ श्रीराम जन्मोत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष बृजमोहन सर्राफ, यात्रा संयोजक बनवारी लाल शर्मा , सह संयोजक जितेन्द्र सिंह शेखावत समिति के कार्यकताओं व हजारों भक्तों ने श्रीराम दरबार की महाआरती की।