केरल बाढ़ पीड़ितों के लिए संघ के स्वयंसेवक जुटाएंगे सहायता

प्राथमिक सहायतार्थ २५ लाख भेजे 
जयपुर, 22 अगस्त। केरल में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित लोगों की सहायता के लिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवक घर घर जाकर सहायता जुटाएंगे। यह पांच दिवसीय अभियान गुरुवार से शुरू होकर सोमवार तक चलेगा।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जयपुर प्रांत संघचालक डॉ. रमेश अग्रवाल ने बताया कि केरल  राज्य अप्रत्याशित बाढ़ की विभीषिका का सामना कर रहा है जिससे सैकड़ों लोगों की जानें जा चुकी हैं। दो लाख से ज्यादा लोगों को बेघर होना पड़ा है। लाखों लोग अनेक स्थानों पर फंसे  हुए हैं। केरल राज्य एक भयानक संकट के कगार पर है। अनेक बाधाओं के बावजूद हमारी सेना, राष्ट्रीय आपदा राहत बल, केन्द्र व राज्य सरकार बाढ़ राहत के लिए युद्धस्तर पर कार्य कर रहे हैं। इनके साथ-साथ बड़ी संख्या में आमजन, संघ के स्वयंसेवक, सेवाभारती और अनेक सामाजिक, धार्मिक एवं स्वयंसेवी संगठन अपनी जान को जोखिम में डालते हुए पीड़ितों के लिए बचाव और राहत कार्यों में दृढतापूर्वक सहयोग कर रहे हैं।
डॉ. अग्रवाल ने अपील करते हुए कहा कि संकट विकट है और साधन सीमित। संकट की इस घड़ी में हम केरलवासियों के साथ खड़े हों और बाढ़ पीडितों की बढ़-चढ़ कर हर संभव सहायता करें। केरल में आई भीषण आपदा से पार पाने के लिए संघ के कार्यकर्ता आपके पास पहुंचेंगे। उन्होंने आग्रह किया है इस कठिन समय में बाढ़ पीड़ितों के लिए मुक्त हस्त से सहयोग करें। केरल आपदा पीड़ितों के लिए सहायता सीधे बैंक खाते में भी जमा कराई जा सकती है। इसके लिए राशि विपन्न सहायता एवं पुनर्वास समिति राजस्थान के एसबीआई की संसार चन्द्र रोड, जयपुर (खाता क्रमांक 61146883484, आईएफएससी कोड SBIN0040548) में भी जमा करा सकते हैं। पुनर्वास समिति की ओर से केरल में राहत कार्यों के लिए 25  लाख से अधिक राशि भेजी जा चुकी है।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह सुरेश (भय्याजी) जोशी ने भी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, धार्मिक व सामाजिक संगठनों सहित समस्त राष्ट्रजनों से संकट की इस घड़ी में केरलवासियों के साथ खड़े होकर बाढ़ पीड़ितों के लिए हर संभव सहायता का आव्हान किया है।

image1

You may also like...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1 × four =